CG Breaking: चक्रवाती तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 27 से 29 अक्टूबर तक भारी से अति भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिले के सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर आगामी आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया है।
यह निर्णय संभावित आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने तथा जरूरी प्रशासनिक व्यवस्थाएं बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
मुख्यालय में रहना होगा अनिवार्य
जारी आदेश के अनुसार, सभी अधिकारी और कर्मचारियों को अपने निर्धारित मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा। कलेक्टर की अनुमति के बिना कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अवकाश पर नहीं जा सकेंगे और न ही मुख्यालय छोड़ सकेंगे।
अत्यावश्यक स्थिति में भी अवकाश लेने या मुख्यालय से बाहर जाने के लिए पहले अनुमति लेना जरूरी होगा। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने के लिए कहा है।
राहत और बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश
प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संभावित आपदा की स्थिति में राहत, बचाव और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए हर समय तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

