CG Ration Update: सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन लेने वाले हितग्राहियों के लिए राहत की खबर है। अगर किसी हितग्राही का फिंगरप्रिंट बायोमेट्रिक मशीन में मैच नहीं होता है, तो भी उसे राशन से वंचित नहीं किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था का प्रावधान किया है।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल फिंगरप्रिंट का मिलान नहीं होने के आधार पर यह नहीं माना जा सकता कि हितग्राही को राशन नहीं मिलेगा। बुजुर्गों और ऐसे लोगों को, जिन्हें बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण में परेशानी होती है, नॉमिनी या ओटीपी आधारित प्रमाणीकरण के माध्यम से राशन उपलब्ध कराया जा सकता है।
रायपुर जिले के खाद्य नियंत्रक ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में हितग्राहियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पहले से लागू है। यदि किसी पात्र हितग्राही का फिंगरप्रिंट मशीन में दर्ज नहीं हो पाता है, तो नियमानुसार अन्य माध्यमों से राशन प्राप्त किया जा सकता है।
बुजुर्गों को लेकर जारी किया स्पष्टीकरण
खाद्य नियंत्रक ने बताया कि फिंगरप्रिंट नहीं मिलने के कारण बुजुर्गों और अन्य पात्र हितग्राहियों को राशन नहीं मिलने की जानकारी भ्रामक और अधूरी है। ऐसी स्थिति में हितग्राही नॉमिनी के माध्यम से या ओटीपी आधारित प्रमाणीकरण प्रक्रिया पूरी कर राशन प्राप्त कर सकते हैं।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे राशन वितरण से जुड़ी वैकल्पिक व्यवस्थाओं की जानकारी रखें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी या भ्रम की स्थिति से बचा जा सके।


