CG Murder: नशे की बिक्री का विरोध करना पड़ा भारी, युवक को चाकू गोद-गोदकर मार डाला

CG Murder: दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र स्थित बांबे आवास उरला में 19 वर्षीय शिव बहादुर सिंह सोनी उर्फ शिवा की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। गुरुवार शाम सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल के पास हुए हमले में शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

CG Murder: दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र स्थित बांबे आवास उरला में 19 वर्षीय शिव बहादुर सिंह सोनी उर्फ शिवा की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। गुरुवार शाम सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल के पास हुए हमले में शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के भीतर आरोपी लक्ष्मी नारायण सारथी उर्फ लक्ष्य घोड़ा (20) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मृतक के पिता अमरजीत सोनी ने आरोप लगाया है कि उनका बेटा इलाके में नशे की गोलियां और सिरप बेचने का विरोध करता था, इसी वजह से उसकी हत्या की गई।

पिता ने मामले में अन्य लोगों की भूमिका और हत्या के पीछे साजिश की जांच करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है।

 

10 मिनट में लौटने की बात कहकर घर से निकला था शिवा

परिजनों के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे शिवा नहाने और कपड़े बदलने के बाद घर से निकला था। उसने परिवार से 10 मिनट में वापस आने की बात कही थी। कुछ देर बाद जब वह नहीं लौटा तो पिता ने उसे फोन किया। शिवा ने थोड़ी देर में आने की बात कही थी।

इसके बाद मोहल्ले के कुछ बच्चे घर पहुंचे और बताया कि शिवा पर चाकू से हमला हुआ है। परिजन उसे अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

माता-पिता का इकलौता बेटा था शिवा

शिवा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। उसने 11वीं तक पढ़ाई करने के बाद स्कूल छोड़ दिया था। परिवार के अनुसार, उसका किसी से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था और वह झगड़े से दूर रहता था।

पिता का आरोप- नशे के कारोबार का विरोध करता था बेटा

मृतक के पिता अमरजीत सोनी का आरोप है कि बांबे आवास इलाके में पिछले कई महीनों से कुछ लोग नशे की गोलियां और सिरप बेच रहे थे। उनका बेटा इसका विरोध करता था और इस मामले में पुलिस से शिकायत करने की बात भी कही थी।

पिता के मुताबिक, शिवा ने नशे का सामान बेचने वालों को चेतावनी दी थी कि दोबारा ऐसा करते मिले तो वह पुलिस में शिकायत करेगा। उन्हें आशंका है कि इसी विरोध के चलते बेटे की हत्या की गई। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या के पीछे नशे के कारोबार को वजह नहीं बताया है। मामले की जांच जारी है।

घटना में कई लोगों के शामिल होने का आरोप

शिवा के पिता ने आरोप लगाया कि वारदात के समय 7 से 8 युवक मौजूद थे और उनके चेहरे ढंके हुए थे। उन्होंने अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि हत्या में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि मोहन नगर थाना क्षेत्र में विवाद के दौरान युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिसमें उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी लक्ष्मी नारायण सारथी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। मृतक के पिता द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *