CG Bus Accident: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के कुंरा गांव के पास गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुंगेली से रायपुर जा रही RBS ट्रैवल्स की बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 6 से 7 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना नांदघाट थाना क्षेत्र की है। (Nandghat Bus Accident)
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे बस कुंरा गांव के पास पहुंची थी, तभी खराब सड़क के कारण चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद बस सड़क से नीचे उतरकर खंभे से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (Bemetara Bus Accident)
मंत्री के गृहग्राम के पास हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि जिस कुंरा गांव के पास यह हादसा हुआ है, वह छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री दयाल दास बघेल का गृहग्राम है। वहीं, इसी मार्ग से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का भी आना-जाना होता है।


