CG Accident: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया में दशहरे के दिन मीना बाजार में बड़ा हादसा हो गया। यहां आकाश झूले से गिरने के कारण 39 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पठानपारा निवासी नकुल निषाद के रूप में हुई है। घटना खरसिया थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, नकुल निषाद मंगलवार को दशहरे के मौके पर खरसिया नगर पालिका परिषद मैदान में लगे मीना बाजार घूमने गया था। शाम के समय वह आकाश झूले में बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक वह ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद वह बेहोश हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शराब के नशे में था युवक
बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में था और इसी वजह से उसका संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

