Raipur News: छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए आजादी के बाद पहली बार ट्रेन रावघाट पहुंची। ताड़ोकी-रावघाट रेल लाइन शुरू होने से बस्तर संभाग के दूरस्थ इलाकों को रेल सुविधा मिलने का रास्ता खुल गया है। इसके साथ ही अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का भी शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद नई यात्री ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
नई रेल सेवा के तहत रायपुर से रावघाट तक यात्रा का किराया मात्र 55 रुपए रखा गया है। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों, किसानों और व्यापारियों को कम खर्च में यात्रा की सुविधा मिलेगी। सड़क मार्ग की तुलना में रेल यात्रा आसान और किफायती साबित होगी।
रावघाट रेल लाइन से बढ़ेगी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की पहुंच
दल्लीराजहरा से रावघाट तक 1628 करोड़ रुपए की लागत से 95 किलोमीटर लंबी रेल लाइन तैयार की गई है। ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर का अंतिम हिस्सा पूरा होने के बाद अब ट्रेन रावघाट तक पहुंचने लगी है। इससे क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही रावघाट के लौह अयस्क का परिवहन भी आसान होगा, जिससे भिलाई इस्पात संयंत्र सहित अन्य उद्योगों को लाभ मिलेगा।
अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज लाइन से यात्रियों को राहत
अभनपुर से कुरूद के बीच 22 किलोमीटर लंबी ब्रॉडगेज रेल लाइन शुरू होने से धमतरी क्षेत्र के लोगों की यात्रा और आसान हो जाएगी। अभनपुर से राजिम तक पहले ही रेल सेवा शुरू हो चुकी है, जबकि कुरूद से धमतरी तक ब्रॉडगेज लाइन का काम जारी है। इसके पूरा होने के बाद पूरे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
रायपुर में बनेगा इलेक्ट्रिक इंजन रखरखाव केंद्र
रायपुर में हाई हॉर्सपावर वाले इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव केंद्र का भी शिलान्यास किया गया। इस केंद्र में भविष्य में 300 इलेक्ट्रिक इंजनों की मरम्मत और रखरखाव की सुविधा विकसित की जाएगी। इससे यात्री और मालगाड़ियों के संचालन को अधिक सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।
रेल परियोजनाओं को मिली नई गति
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में रेल सुविधाओं के विस्तार से विकास को नई गति मिलेगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कटनी-शहडोल-पेंड्रा रोड चौथी रेल लाइन, पेंड्रा रोड-बिलासपुर और जांजगीर-चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन के साथ खरसिया-नवा रायपुर-परमलकसा और कडगोड़ा-डोंगरगढ़ रेल कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं की भी जानकारी दी।



