Sarguja Murder: सरगुजा जिले के गांधी नगर थाना क्षेत्र के श्री कृपा पेट्रोल पंप में गुरुवार दोपहर हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। यहां काम करने वाली युवती पर उसके पूर्व प्रेमी ने 1 फीट लंबे धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हुई और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कैसे हुआ हमला?
जानकारी के मुताबिक, मृतिका का नाम विद्यावती था, जो चोपड़ापारा, काली मंदिर के पास श्री कृपा फ्युल्स, रिंग रोड स्थित पेट्रोल पंप पर काम करती थी। आरोपी का नाम जोगेंद्र पैंकरा है, जो बलरामपुर जिले के कुसमी का रहने वाला है। दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध थे, लेकिन युवती ने रिश्ता तोड़ दिया था।




पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पिछले कई दिनों से पंप पर आकर विद्यावती से दोबारा रिश्ता जोड़ने की कोशिश कर रहा था। गुरुवार को भी करीब 12 बजे वह पंप पर पहुंचा और बात करने लगा। युवती ने साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने बाइक में छुपाकर रखा चाकू निकाल लिया।
जैसे ही युवती को हथियार दिखा, वह जान बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन आरोपी ने पीछा करते हुए उस पर कई वार किए। इस दौरान बीच-बचाव करने आए एक कर्मचारी को भी हाथ में चोट लगी।
अस्पताल में दम तोड़ा
गंभीर रूप से घायल विद्यावती को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
