CG Accident: सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने अवैध क्रेशर हटाने, आरोपी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
पूजा का सामान लेकर घर लौट रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, कुबेरपुर निवासी संजय जायसवाल की पत्नी चंद्रावती जायसवाल शनिवार को बिहारपुर चौक से पूजा का सामान खरीदकर स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान बस्ती के भीतर एक क्रेशर से गिट्टी लेकर आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर का पहिया महिला के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
हादसे के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण
महिला की मौत से नाराज ग्रामीणों ने मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। लोगों का कहना है कि बस्ती के भीतर संचालित क्रेशर और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों के प्रदर्शन से कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
ग्रामीणों ने रखीं तीन प्रमुख मांगें
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने बस्ती के भीतर संचालित अवैध क्रेशर को हटाने, फरार ट्रैक्टर चालक की तत्काल गिरफ्तारी करने और मृतक महिला के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
दो दिनों में ट्रैक्टर से दूसरी मौत
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में दो दिनों के भीतर ट्रैक्टर की चपेट में आने से यह दूसरी मौत है। इससे पहले शुक्रवार को भी एक 13 वर्षीय बच्ची की सड़क हादसे में जान चली गई थी। लगातार हो रहे हादसों से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और वे भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण की मांग कर रहे हैं।



