CG Job: छत्तीसगढ़ में श्रम आधारित उद्योगों को बढ़ावा, 150 करोड़ के निवेश से 3,500 से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार

CG Job: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि राज्य सरकार श्रम आधारित उद्योगों को बढ़ावा देकर प्रदेश के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर तैयार कर रही है। इसी दिशा में नई औद्योगिक विकास नीति के तहत ऐसे उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जो कम निवेश में अधिक रोजगार उपलब्ध कराते हैं। मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर में यश फैन्स एंड एप्लायंसेस लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन करते हुए यह बात कही।

CG Job: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि राज्य सरकार श्रम आधारित उद्योगों को बढ़ावा देकर प्रदेश के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर तैयार कर रही है। इसी दिशा में नई औद्योगिक विकास नीति के तहत ऐसे उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जो कम निवेश में अधिक रोजगार उपलब्ध कराते हैं। मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर में यश फैन्स एंड एप्लायंसेस लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यश फैन्स एंड एप्लायंसेस लिमिटेड की नई इकाई में 150 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा। इस परियोजना से 3,500 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। यहां विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के लिए उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

रोजगार पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि निवेश को रोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था और प्रदेश की समृद्धि से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्योगों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि लोगों को अपने ही प्रदेश में बेहतर अवसर मिल सकें।

नई औद्योगिक नीति

मुख्यमंत्री ने बताया कि औद्योगिक विकास नीति 2024-2030 में टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा सहित श्रम आधारित क्षेत्रों में निवेश को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उद्योगों की स्थापना और संचालन को आसान बनाने के लिए 279 प्रावधानों को अपराध की श्रेणी से बाहर किया गया है तथा अनुमतियों की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाया गया है।

साढ़े आठ लाख करोड़ से अधिक निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति को देश-विदेश के निवेशकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। प्रदेश को अब तक साढ़े आठ लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सरकार का लक्ष्य इन प्रस्तावों को तेजी से धरातल पर उतारकर उत्पादन और रोजगार सृजन शुरू करना है।

रोजगार आधारित निवेश पर जोर

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि अब निवेश का मूल्यांकन केवल उसकी राशि से नहीं, बल्कि उससे मिलने वाले रोजगार के आधार पर भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उद्योगों को दी जाने वाली सब्सिडी का बजट लगभग 200 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1,000 करोड़ रुपये से अधिक किया गया है, ताकि अधिक रोजगार देने वाले उद्योगों को बढ़ावा मिल सके।

50 हजार से अधिक लोगों को मिला रोजगार

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 3,000 से अधिक छोटे-बड़े उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे 50 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। आने वाली औद्योगिक परियोजनाओं से डेढ़ लाख से अधिक नए रोजगार सृजित होने की संभावना है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *