Raipur Cricket Match: रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच पहला टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा। रायपुर में पहली बार महिला टी-20 इंटरनेशनल मैच का आयोजन हो रहा है।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच यह तीन मैचों की टी-20 सीरीज होगी। खास बात यह है कि सीरीज के तीनों मुकाबलों में महिला दर्शकों को निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। मैच देखने आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम के आसपास 8 पार्किंग जोन भी बनाए गए हैं।
रायपुर में पहली बार महिला टी-20 मुकाबला
रायपुर में इससे पहले पुरुष टीमों के अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हो चुके हैं, लेकिन पहली बार महिला टी-20 इंटरनेशनल मैच खेला जाएगा। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमें इस सीरीज में तीन मुकाबलों में आमने-सामने होंगी।
सीरीज का पहला मैच 16 अक्टूबर, दूसरा मुकाबला 18 अक्टूबर और तीसरा मैच 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। सभी मुकाबले शाम 7 बजे से शुरू होंगे।
स्मृति मंधाना की कप्तानी पर नजर
इस मुकाबले में स्मृति मंधाना पहली बार पूर्णकालिक कप्तान के रूप में टीम इंडिया की कमान संभालेंगी। इससे पहले वह लंबे समय तक टीम की उपकप्तान रही हैं। कप्तान के तौर पर यह उनका पहला बड़ा मौका होगा, जहां उनकी रणनीति और फैसलों पर सभी की नजर रहेगी।
स्टेडियम के पास बनाए गए 8 पार्किंग जोन
मैच के दौरान यातायात और पार्किंग व्यवस्था को संभालने के लिए स्टेडियम के आसपास 8 पार्किंग जोन बनाए गए हैं। इन्हें पार्किंग ए, बी, सी, डी, ई, एफ, जी और एच नाम दिया गया है। पुलिस, यातायात विभाग और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ मिलकर व्यवस्था संभालेंगे।
जिम्बाब्वे को जीत की तलाश
जिम्बाब्वे महिला टीम ने इस साल 18 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं, लेकिन उसे किसी भी मैच में जीत नहीं मिली है। टीम ने पिछली जीत सितंबर 2025 में नामीबिया के खिलाफ दर्ज की थी।
वहीं भारतीय महिला टीम शानदार फॉर्म में है। टीम लगातार 8 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले जीत चुकी है और हाल ही में एशिया कप ट्रॉफी और एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुकी है।
शेफाली वर्मा और श्री चरणी पर रहेंगी नजरें
भारतीय टीम में उपकप्तान शेफाली वर्मा और गेंदबाज श्री चरणी पर विशेष नजर रहेगी। शेफाली ने इस साल 24 टी-20 मुकाबलों में 863 रन बनाए हैं। वहीं श्री चरणी ने 23 मैचों में 47 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है।
जिम्बाब्वे की ओर से केलिस एनधलोवु प्रमुख बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस साल 18 टी-20 मैचों में 320 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में मिचेल मवुंगा टीम की अहम खिलाड़ी हैं।




