CG Accident: बलौदाबाजार जिले के रायपुर-पलारी मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 3 मौसेरे भाइयों की मौत हो गई। पलारी थाना क्षेत्र के घोटिया मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद प्रेम धीवर (18) की बलौदाबाजार अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल राज धीवर (18) और खिलेश्वर धीवर (18) को रायपुर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया।
खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बाइक
जानकारी के अनुसार, कोरासी गांव निवासी प्रेम धीवर अपने मौसेरे भाई राज धीवर और खिलेश्वर धीवर के साथ नवरात्रि के अवसर पर बाइक से पलारी जा रहा था। सोमवार देर रात घोटिया मोड़ के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

रायपुर में 2 युवकों ने तोड़ा दम
प्रेम धीवर की इलाज के दौरान बलौदाबाजार अस्पताल में मौत हो गई थी। वहीं, राज धीवर और खिलेश्वर धीवर का रायपुर के डीकेएस अस्पताल में उपचार चल रहा था। बुधवार को इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। गुरुवार को तीनों युवकों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

नवरात्रि में जा रहे थे तीनों युवक
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों की उम्र 18 वर्ष थी। प्रेम और खिलेश्वर कोरासी गांव के निवासी थे, जबकि राज पलारी में रहता था। तीनों मौसी के परिवार से आपस में रिश्तेदार थे।
बताया गया कि प्रेम अपने पिता के साथ होटल के काम में हाथ बंटाता था। नवरात्रि के अवसर पर पलारी जाते समय यह हादसा हो गया।

