CG Rape: नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से भगाया, शादी का झांसा देकर किया रेप

Rape

CG Rape: रायगढ़ जिले में 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि 34 वर्षीय युवक ने शादी का झांसा देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से ले गया और ओडिशा स्थित अपने घर में उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला रैरूमाखुर्द पुलिस चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को नाबालिग के पिता ने पुलिस चौकी में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात में खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए थे। सुबह उठने पर 16 वर्षीय बेटी घर में नहीं मिली।

परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने के संदेह में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

बहला-फुसलाकर ओडिशा ले गया आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नाबालिग को ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के हिमगीर थाना क्षेत्र के रेगारपानी निवासी परमानंद कंवर (34) अपने साथ ले गया है और उसे अपने घर में रखा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ओडिशा पहुंची और आरोपी के घर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया था।

 

नाबालिग को शादी का झांसा दिया

पुलिस ने महिला अधिकारी के माध्यम से नाबालिग का बयान दर्ज किया। काउंसलिंग के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी परमानंद कंवर शादी का झांसा देकर उसे बाइक से ओडिशा ले गया था, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 62(2)(ड) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 भी जोड़ दी।

बाइक के साथ पकड़ा गया आरोपी

मामले के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी को उसके गांव की मुख्य सड़क से पल्सर बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बाइक को जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *