Raipur Cartoon Festival: देश की एकमात्र कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ अपने 31वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इस अवसर पर 13 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में वार्षिक कार्टून फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम एक निजी होटल में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे।
कार्टून वॉच के संपादक त्रयम्बक शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सांकेतिक कार्टून बनाकर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इस आयोजन में कई राजनीतिक हस्तियां, वरिष्ठ पत्रकार और देशभर के कार्टूनिस्ट शामिल होंगे।
जयपुर के कार्टूनिस्ट को मिलेगा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
इस वर्ष कार्टून वॉच का लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड जयपुर के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को दिया जाएगा। यह सम्मान कार्टून कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा।
इससे पहले यह सम्मान बालासाहेब ठाकरे, आर.के. लक्ष्मण, सुधीर तैलंग, आबिद सुरती, प्राण, काक और अजीत नैनन जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों को मिल चुका है।
पीएम मोदी पर आधारित कैरिकेचर पुस्तक का होगा विमोचन
इस बार कार्टून वॉच की ओर से पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर अखिल भारतीय कैरिकेचर प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें देशभर के कार्टूनिस्टों ने प्रधानमंत्री पर आधारित कैरिकेचर तैयार किए हैं। फेस्टिवल के दौरान इन कैरिकेचर पर आधारित विशेष पुस्तक का भी विमोचन किया जाएगा।
कार्टून कला और पत्रकारिता पर होगी चर्चा
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार डॉ. हिमांशु द्विवेदी अतिथि वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वहीं कार्टून वॉच की शुरुआत से जुड़े वरिष्ठ कार्टूनिस्ट और पत्रकार पत्रिका की यात्रा और कार्टून कला से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे।
देशभर से आए कार्टूनिस्टों और पत्रकारों के बीच कार्टून कला, व्यंग्य और पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा होगी।
कार्टून कला को मिलेगा बढ़ावा
आयोजकों के अनुसार यह देश का अनूठा कार्टून फेस्टिवल है, जिसका आयोजन हर वर्ष रायपुर में किया जाता है। कार्यक्रम को राज्य सरकार और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल का सहयोग प्राप्त है।
इस आयोजन का उद्देश्य कार्टून कला को प्रोत्साहित करना और व्यंग्य के माध्यम से सामाजिक तथा सार्वजनिक जीवन के विभिन्न पहलुओं को रचनात्मक रूप से सामने लाना है।

