CG Teacher Vacancy 2026: शिक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव, दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिलेगा आवेदन का मौका; जल्द जारी होगी तारीख

CG Teacher Bharti 2026

CG Teacher Vacancy 2026: छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती-2026 के लिए दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी आवेदन करने का अवसर मिलेगा। लोक शिक्षण संचालनालय ने हाईकोर्ट के आदेश के पालन में भर्ती के विस्तृत विज्ञापन में संशोधन करते हुए शुद्धि पत्र जारी किया है। इसके तहत दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित और सेरेब्रल पाल्सी श्रेणी के अभ्यर्थी भी अब आवेदन कर सकेंगे।

प्रदेश में सहायक शिक्षक के कुल 2292 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसमें ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1497 पद शामिल हैं। दिव्यांग अभ्यर्थियों के आवेदन की तारीख छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अलग से जारी की जाएगी।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद बदले भर्ती नियम

लोक शिक्षण संचालनालय ने बताया कि सहायक शिक्षक भर्ती का विस्तृत विज्ञापन 24 जुलाई 2026 को जारी किया गया था। इसके बाद हाईकोर्ट में दायर याचिका के फैसले के पालन में पात्रता नियमों में संशोधन किया गया है।

हाईकोर्ट के 9 अक्टूबर 2026 के आदेश के अनुसार भर्ती विज्ञापन में बदलाव करते हुए दिव्यांग अभ्यर्थियों को आवेदन का अधिकार दिया गया है।

दिव्यांग श्रेणियों को किया गया शामिल

जारी शुद्धि पत्र के अनुसार समाज कल्याण विभाग की संशोधित अधिसूचना के तहत सहायक शिक्षक पद के लिए पात्र दिव्यांगता श्रेणियों में ब्लाइंड, डेफ और सेरेब्रल पाल्सी को शामिल किया गया है।

इसके साथ ही भर्ती विज्ञापन की संबंधित शर्तों में भी संशोधन किया गया है। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित पदों का विवरण भी निर्धारित नियमों के अनुसार जारी किया जाएगा।

2292 पदों पर होनी है भर्ती

सहायक शिक्षक भर्ती-2026 के तहत कुल 2292 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें ई-संवर्ग के 795 पद और टी-संवर्ग के 1497 पद शामिल हैं।

ई-संवर्ग में रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, रायगढ़ और बिलासपुर जिले शामिल हैं।

वहीं टी-संवर्ग में बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, गरियाबंद और बालोद जिले शामिल हैं।

CG Teacher Vacancy: छत्तीसगढ़ में कृषि शिक्षक भर्ती को लेकर राज्य सरकार की नई पात्रता शर्तों से हजारों कृषि स्नातकों की परेशानी बढ़ गई है। सरकार ने कृषि शिक्षक पद के लिए बी.एड. और शिक्षक पात्रता परीक्षा को अनिवार्य कर दिया है। जबकि प्रदेश के किसी भी महाविद्यालय में कृषि विषय से बी.एड. की पढ़ाई उपलब्ध नहीं है। ऐसे में अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि भर्ती प्रक्रिया तय समय पर शुरू हुई तो अधिकांश कृषि स्नातक आवेदन करने से वंचित रह जाएंगे।

आवेदन की तारीख जल्द होगी जारी

लोक शिक्षण संचालनालय ने बताया कि ब्लाइंड, डेफ और सेरेब्रल पाल्सी श्रेणी के दिव्यांग अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन की तारीख छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अलग से घोषित की जाएगी।

अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया और नई तारीखों की जानकारी के लिए मंडल की आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा। भर्ती के अन्य नियम और शर्तें पहले जारी विज्ञापन के अनुसार ही लागू रहेंगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *