CG Sugarcane Bonus: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के गन्ना किसानों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने गन्ना बोनस की गणना का आधार 355 रुपये से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। इस फैसले से पेराई सत्र 2025-26 में सहकारी शक्कर कारखानों को गन्ना देने वाले 31,022 किसानों को करीब 51.09 करोड़ रुपये की बोनस राशि मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने प्रदेश के गन्ना किसानों को इस निर्णय के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सहकारिता मंत्री ने कहा कि बोनस राशि में बढ़ोतरी से किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। बढ़ी हुई बोनस राशि से किसानों को खेती की लागत पूरी करने और आगामी फसल की तैयारी में मदद मिलेगी। इससे प्रदेश में गन्ना उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।
गन्ना बोनस की नई गणना के अनुसार पेराई सत्र 2025-26 के लिए एफआरपी 329.05 रुपये प्रति क्विंटल को आधार माना गया है। 425 रुपये में से एफआरपी राशि घटाने के बाद किसानों को 95.95 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बोनस दिया जाएगा।
इन किसानों को मिलेगी बोनस राशि
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना कवर्धा से जुड़े 14,961 किसानों को करीब 24.55 करोड़ रुपये का बोनस मिलेगा।
सरदार पटेल सहकारी शक्कर कारखाना पंडरिया के 8,049 किसानों को लगभग 11.68 करोड़ रुपये की बोनस राशि दी जाएगी।
महामाया सहकारी शक्कर कारखाना केरता के 7,250 किसानों को करीब 11.35 करोड़ रुपये का बोनस मिलेगा।
वहीं दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना बालोद के 762 किसानों को लगभग 3.52 करोड़ रुपये की बोनस राशि प्राप्त होगी।

