CG News: अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस से मारपीट, महिला ने जड़ा थप्पड़; वीडियो वायरल

CG News: राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के मोचीपारा (रविदास नगर) में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान एक युवक ने पुलिसकर्मियों के सामने अपने कपड़े उतार दिए, जबकि कुछ महिलाओं ने पुलिस जवानों के साथ धक्का-मुक्की की।

CG News: राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के मोचीपारा (रविदास नगर) में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान एक युवक ने पुलिसकर्मियों के सामने अपने कपड़े उतार दिए, जबकि कुछ महिलाओं ने पुलिस जवानों के साथ धक्का-मुक्की की। इस दौरान एक महिला ने पुलिसकर्मी को थप्पड़ भी मार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अवैध शराब की सूचना पर पहुंची थी पुलिस

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात डोंगरगढ़ पुलिस को मोचीपारा इलाके में अवैध शराब बेचने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक युवक को शराब के साथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान युवक ने पुलिस से अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया।

युवक ने उतारे कपड़े

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान युवक ने अपने कपड़े उतार दिए और जोर-जोर से चिल्लाते हुए पुलिसकर्मियों को उकसाने लगा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

महिलाओं ने की धक्का-मुक्की

कुछ ही देर में कई महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं और पुलिसकर्मियों के साथ बहस करने लगीं। आरोप है कि इस दौरान एक महिला ने पुलिसकर्मी को थप्पड़ मार दिया, जबकि दूसरी महिला मौके से शराब लेकर भागने की कोशिश करती दिखाई दी। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया।

आरोपियों की तलाश जारी

डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरीनंदन नायक ने बताया कि पुलिस टीम अवैध शराब की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और अभद्रता की। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच जारी है और सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *