CG News: वन मंत्री केदार कश्यप ने गुरुवार को कोंडागांव जिले के गोलावंड स्थित स्कूलपारा आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने पोषण और कुपोषण की स्थिति की जानकारी लेते हुए बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से कहा कि बच्चों को संतुलित आहार उपलब्ध कराने के साथ-साथ अभिभावकों को भी कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बचपन ही बेहतर भविष्य की नींव है।
बच्चों से बातचीत के दौरान मंत्री ने उनकी सीखने की क्षमता का भी आकलन किया। बच्चों ने चित्रों के माध्यम से फल, पशु-पक्षियों और अन्य वस्तुओं की पहचान कर अपनी प्रतिभा दिखाई। मंत्री ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें फल और चॉकलेट वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। मंत्री ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने और बच्चों के समुचित पोषण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
वन मंत्री ने आंगनवाड़ी केंद्र की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा केंद्र को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवाभाव के लिए छह आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिन सहायिकाओं को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनिता कोर्राम सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

