Kanker News: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल मुक्त घोषित किए जाने के बाद एक बड़ी घटना सामने आई है। लोहत्तर थाना क्षेत्र के ग्राम चेमल स्थित पुष्प स्टील लिमिटेड की लौह अयस्क खदान में अज्ञात लोगों ने तीन पोकलेन मशीनों में आग लगा दी। घटना के बाद मौके से दो पर्चे भी बरामद हुए हैं, जिनमें खदान संचालन को लेकर चेतावनी और एक सप्ताह के भीतर मांगें पूरी करने की बात लिखी गई है। पर्चों में ‘लाल सलाम’ भी लिखा मिला है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसे नक्सली वारदात होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रात में खड़ी थीं मशीनें
जानकारी के अनुसार, खदान में काम समाप्त होने के बाद सभी कर्मचारी और मजदूर अपने कैंप लौट गए थे। मंगलवार सुबह जब वे वापस पहुंचे तो तीन पोकलेन मशीनें आग में जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिलीं। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही लोहत्तर थाना पुलिस और एसडीओपी शेर बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आग लगने के कारण और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
पर्चों ने बढ़ाई जांच की गंभीरता
घटनास्थल से मिले दो पर्चों में खदान को नियमित रूप से संचालित करने और एक सप्ताह के भीतर मांगें पूरी करने की चेतावनी दी गई है। पर्चों पर ‘लाल सलाम’ लिखे होने के कारण मामले को नक्सली गतिविधि से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। जांच में इस पहलू की भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं किसी अन्य व्यक्ति या समूह ने नक्सली संगठन के नाम और शैली का इस्तेमाल कर घटना को अंजाम तो नहीं दिया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की हर एंगल से जांच कर रही हैं। आसपास के क्षेत्र में भी सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।


