CG News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शादी के महज 5 महीने बाद एक नवविवाहिता ने चूहा मारने की दवा खाकर आत्महत्या कर ली। अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला मैनपाट थाना क्षेत्र का है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार सूरजपुर के प्रगतिनगर निवासी 20 वर्षीय वर्षा यादव की शादी 1 मई 2026 को मैनपाट के लुरैना निवासी अजय यादव से हुई थी। 18 सितंबर को वर्षा ने अपने पिता को व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर लिखा कि वह अब जीना नहीं चाहती और उसे सुकून से मरने दिया जाए।
कुछ देर बाद उसके पति अजय यादव ने वर्षा के पिता उमेश यादव को फोन कर बताया कि उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे अंबिकापुर के मिशन अस्पताल ले जाया जा रहा है। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों को पता चला कि वर्षा ने चूहा मारने की दवा खा ली थी। उसकी हालत गंभीर होने पर आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।
पिता ने लगाए मारपीट के आरोप
मृतका के पिता उमेश यादव का आरोप है कि शादी के बाद से उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को वर्षा ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की गई और पति ने कथित तौर पर उसका गला दबाने की भी कोशिश की थी। उस समय उन्होंने बेटी को समझाकर जल्द ससुराल जाकर बात करने का भरोसा दिया था, लेकिन इससे पहले ही यह घटना हो गई।
Msc की पढ़ाई जारी रखना चाहती थी
परिजनों के मुताबिक वर्षा एमएससी की पढ़ाई पूरी करना चाहती थी। शादी से पहले दोनों परिवारों के बीच पढ़ाई जारी रखने पर सहमति बनी थी। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद परिस्थितियां बदल गईं और वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे तथा परिजनों के बयान दर्ज किए। नायब तहसीलदार लखेश्वर सिदार ने बताया कि मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट और पैसों के लेन-देन को लेकर आरोप लगाए हैं। सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



