Raipur Weather: रायपुर में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, अगले 4 दिन मौसम रहेगा खराब, इन जिलों में अलर्ट जारी

CG Weather Update:

Raipur Weather: छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राजधानी रायपुर में दोपहर बाद अचानक गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले चार दिनों तक मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के 5 जिलों के लिए ऑरेंज और 25 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार राजनांदगांव, बालोद, बीजापुर, सुकमा और कांकेर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहीं धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ गई है, जिसके कारण बारिश और आंधी की गतिविधियां तेज हो गई हैं। बलरामपुर, कोरिया समेत 25 जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चलने के आसार हैं।

आज इन जिलों में ज्यादा असर

मौसम विभाग के मुताबिक धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, रायगढ़ और कोरबा समेत कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

24 सितंबर को सबसे ज्यादा असर

मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर की सुबह बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया विशाखापट्टनम और गोपालपुर के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट से टकरा सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं के साथ व्यापक बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस सिस्टम का असर 23 से 26 सितंबर तक बना रहेगा। इस दौरान विशेष रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ में तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा अधिक रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *