Raipur Traffic: रायपुर में गणेशोत्सव के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। रिंग रोड-1 और रिंग रोड-2 से शहर की ओर आने वाले 19 प्रमुख प्रवेश मार्गों पर मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर 27 सितंबर तक प्रतिबंध लगाया गया है। अब इन वाहनों की शहर में एंट्री सुबह 5 बजे से रात 2 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगी।![]()
पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए लिया गया है। मोटरयान अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत जारी आदेश के अनुसार मध्यम, भारी और हल्के मालवाहक वाहनों के प्रवेश समय में अस्थायी बदलाव किया गया है।
शाम होते ही शहर के प्रमुख गणेश पंडालों में दर्शन और आकर्षक सजावट देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। इसके कारण कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने यह विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है।
यह व्यवस्था 27 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। इसके बाद 28 सितंबर से शहर में पहले की तरह सामान्य ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।





