Raipur Blood Donation: राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित आयुर्वेद सेवा सम्मेलन के तहत रक्तदान महाकुंभ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 3 हजार से ज्यादा लोगों ने रक्तदान कर नया रिकॉर्ड बनाया। आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।
रक्तदान करने वालों में करीब 1100 महिलाएं और 2 हजार पुरुष शामिल रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी को इस आयोजन की खास उपलब्धि माना जा रहा है। कार्यक्रम में लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्री केदार कश्यप, मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया जा रहा है। इसी के तहत आयुर्वेद सेवा सम्मेलन और रक्तदान महाकुंभ का आयोजन किया गया है।
आयोजन में रक्तदान के साथ लोगों को अंगदान और देहदान के लिए भी प्रेरित किया गया। इस दौरान 31 लोगों ने अंगदान का संकल्प लिया। वहीं सीआरपीएफ और कलेक्टर ने अपनी पत्नी के साथ देहदान का संकल्प लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में प्राचीन समय से आयुर्वेद का विशेष महत्व रहा है। केंद्र सरकार द्वारा आयुष मंत्रालय के माध्यम से आयुर्वेद को बढ़ावा दिया जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार भी स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में लगातार काम कर रही है।




