Salman Khan News: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के एक बयान से पाकिस्तान सरकार बौखला गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान ने एक इंटरनेशनल शो के दौरान बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग देश बताया था, जिसके बाद पाकिस्तान की शहबाज सरकार ने उन्हें आतंकवादी घोषित कर दिया है। पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने इसके आदेश भी जारी किए हैं।
जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान के गृह विभाग ने सलमान खान को फोर्थ शेड्यूल (Fourth Schedule) में डाल दिया है, जो कि एंटी-टेररिज्म एक्ट (Anti-Terrorism Act) के तहत आती है। इस सूची में शामिल व्यक्ति को आतंकी माना जाता है और उन पर पाकिस्तान में कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

यह पूरा मामला तब सामने आया जब सऊदी अरब में आयोजित जॉय फोरम 2025 (Joy Forum 2025) में सलमान खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में सलमान खान कहते नजर आ रहे हैं- “ये बलूचिस्तान के लोग हैं, अफगानिस्तान के लोग हैं, पाकिस्तान के लोग हैं, हर कोई सऊदी अरब में मेहनत से काम कर रहा है।”
इस बयान में बलूचिस्तान का नाम पाकिस्तान से अलग लेने पर पाकिस्तान सरकार ने आपत्ति जताई है और उनके खिलाफ कार्रवाई की है।

पाकिस्तान में सलमान खान के खिलाफ अब एंटी-टेररिज्म एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने की संभावना बताई जा रही है। हालांकि, भारत की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
