CG Dog Attack: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में एक पागल कुत्ते ने लोगों में दहशत फैला दी है। आवारा कुत्ते ने वार्ड क्रमांक 1, 2, 3 और 4 में घूम-घूमकर 31 लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कुत्ता पिछले कुछ समय से असामान्य व्यवहार कर रहा था और राह चलते लोगों को अपना निशाना बना रहा था। अचानक हुए हमलों के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया है। इसी बीच एक बच्चे पर कुत्ते के हमले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुत्ता बच्चे पर झपटता नजर आ रहा है।
सभी घायलों को लगाया गया एंटी-रेबीज इंजेक्शन
घटना के बाद घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। अस्पताल के आरएमओ डॉ. नरेंद्र रात्रे ने बताया कि सभी 31 घायलों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया है। फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।
वार्ड पार्षद रामनाथ सिदार ने प्रशासन से जल्द से जल्द कुत्ते को पकड़ने की मांग की है। वहीं नगरपालिका की टीम मौके पर पहुंचकर कुत्ते को पकड़ने का प्रयास कर रही है।


