Raipur Teacher Murder: रायपुर में शिक्षक ने की साथी शिक्षक की हत्या, हथौड़े से मारा

Raipur Teacher Murder: रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। हत्या का आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक का साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Raipur Teacher Murder: रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। हत्या का आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक का साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल सफेद स्कूटी, धारदार हथियार, हथौड़ा, मृतक के तीन ब्लैंक चेक, पर्स, दोनों के मोबाइल फोन और वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े व जूते जब्त किए हैं।

बनचरौदा के पास मिला था शव

17 सितंबर को आरंग पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बनचरौदा के पास सुनसान जगह पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे।

मृतक की पहचान शिवकुमार चंद्राकर (46) निवासी रामपुर डंगनिया, गोबरा नवापारा के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और साइबर टीम को जांच में लगाया गया।

साथी शिक्षक पर हुआ शक

जांच में पुलिस को पता चला कि मृतक शिवकुमार और आरोपी चंद्रप्रकाश दोनों कुम्हारी गांव के स्कूल में शिक्षक हैं। ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ में जानकारी मिली कि घटना से पहले शिवकुमार को चंद्रप्रकाश के साथ सफेद रंग की स्कूटी पर बनचरौदा की ओर जाते देखा गया था।

इसके बाद पुलिस ने स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों और शिक्षा विभाग के वीएसके ऐप की लॉग रिपोर्ट की जांच की। जांच में सामने आया कि 17 सितंबर को सुबह करीब 9:35 बजे चंद्रप्रकाश स्कूल पहुंचा था। इसके बाद वह निजी काम का बहाना बनाकर बाहर चला गया।

वीएसके ऐप से मिला अहम सुराग

पुलिस के अनुसार, घटना के समय आरोपी ने अपने मोबाइल का लोकेशन बंद कर दिया था। हत्या के बाद वह करीब 12:50 बजे स्कूल वापस पहुंचा और अपने मोबाइल से उपस्थिति दर्ज नहीं की, बल्कि दूसरे शिक्षक के मोबाइल से वीएसके ऐप में लॉगिन कर उपस्थिति दर्ज कराई।

सीसीटीवी फुटेज, ऐप की लॉग रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चंद्रप्रकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

30 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर था विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और शिवकुमार पिछले करीब चार साल से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के बीच रेत, रियल एस्टेट और बुलियन कारोबार से जुड़े लेन-देन थे।

आरोपी के मुताबिक, उसने शिवकुमार को करीब 30 लाख रुपये उधार दिए थे। इसके बदले शिवकुमार ने तीन ब्लैंक चेक दिए थे। आरोपी का कहना है कि वह रकम पर हर महीने ब्याज लेता था, लेकिन पिछले तीन महीने से ब्याज नहीं मिलने के कारण दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

सुनसान जगह ले जाकर की हत्या

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर की सुबह दोनों की मुलाकात कुम्हारी स्कूल के बाहर पटवारी कार्यालय के पास हुई थी। यहां रुपये और ब्याज की वापसी को लेकर विवाद हुआ।

इसके बाद दोनों बनचरौदा के सुनसान इलाके की ओर चले गए। वहां विवाद बढ़ने पर आरोपी ने स्कूटी में रखे धारदार हथियार से शिवकुमार के सिर पर हमला किया। इसके बाद हथौड़े से सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी वापस स्कूल पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी के बताए स्थान से हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *