CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग ने आज 10 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा, तेज गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश के 27 जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।![]()
आज प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं कुछ स्थानों पर तेज बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। रायपुर में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज हुआ।
इन इलाकों में हुई बारिश
बीते 24 घंटे में कोरबा जिले के पाली में 4 सेंटीमीटर, बिलासपुर के बेलगहना में 3 सेंटीमीटर तथा हरदीबाजार और कांकेर के नेरहरपुर में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बिलासपुर के सकरी और कोटा, राजनांदगांव के घुमका, जशपुरनगर और सुकमा के छिंदगढ़ में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश तट के आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से उत्तरी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। साथ ही मॉनसून द्रोणिका भी सक्रिय बनी हुई है, जिससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
अगले 2 दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
27 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत 27 जिलों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।


