CG News: छतीसगढ़ के कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव में मोबाइल पर रील देखने के दौरान नेटवर्क चले जाने से नाराज एक महिला ने कीटनाशक पी लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान 52 वर्षीय मंगलो बाई के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।![]()
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर मंगलो बाई खाना खाते समय मोबाइल पर रील देख रही थी। इसी दौरान अचानक नेटवर्क चला गया। काफी देर तक नेटवर्क नहीं आने और रील नहीं चलने पर वह गुस्से में आ गई। उसने मोबाइल जमीन पर पटक दिया, जिससे वह टूट गया। इसके बाद वह कमरे में गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
कमरे में मिला कीटनाशक का डिब्बा
करीब 10 मिनट बाद मंगलो बाई कमरे से बाहर आई और बरामदे में बैठ गई। कुछ देर बाद उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। शुरुआत में परिजनों को लगा कि उसकी तबीयत खराब हो गई है, लेकिन उल्टी से जहरीले पदार्थ जैसी दुर्गंध आने पर उन्हें शक हुआ। कमरे की तलाशी लेने पर वहां कीटनाशक का खाली डिब्बा मिला।
पति ने पिलाया गोबर पानी
मृतका के पति प्रेमलाल सारथी ने बताया कि गांव की पुरानी मान्यता के अनुसार अस्पताल ले जाने से पहले उन्होंने उल्टी कराने के लिए पत्नी को गोबर पानी पिलाया। हालांकि उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डायल-112 की मदद से उसे करतला स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में कोरबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मोबाइल देखने की थी लत
परिजनों के अनुसार मंगलो बाई को मोबाइल पर रील और सीरियल देखने की लत थी। शनिवार दोपहर नेटवर्क नहीं मिलने से वह काफी नाराज हो गई थी और इसी आवेश में उसने यह कदम उठा लिया।


