Delhi Hostel Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक हॉस्टल की 5 मंजिला इमारत गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी 20 वर्षीय युवराज सोनी की मौत हो गई। युवराज दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बी.कॉम द्वितीय वर्ष का छात्र था।![]()
युवराज सत्य निकेतन स्थित एक बॉयज पीजी में रहकर पढ़ाई कर रहा था। कॉलेज की छुट्टियां खत्म होने के बाद वह करीब तीन दिन पहले ही दुर्ग से दिल्ली लौटा था। हादसे की सूचना मिलते ही उसके परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।
हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। राहत और बचाव दल रेस्क्यू डॉग और विशेष कैमरों की मदद से मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश कर रहा है।
कॉलेज की छुट्टियों में दुर्ग आया था युवराज
युवराज मूल रूप से दुर्ग का रहने वाला था और उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली में रह रहा था। उसके परिचितों के अनुसार, कॉलेज में छुट्टियां होने के कारण वह पिछले महीने से अपने घर दुर्ग में था। छुट्टियां समाप्त होने के बाद वह तीन दिन पहले ही वापस दिल्ली पहुंचा था। हादसे की जानकारी मिलते ही युवराज के परिजन रविवार को दिल्ली रवाना हो गए। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।




