Raipur News: रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चों को डराकर और धमकाकर सोने-चांदी के जेवरात व नकदी रकम लेने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने बच्चों को गुमराह कर घर में रखे जेवरात और पैसे अपने पास मंगवाए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के जेवरात बरामद किए हैं।![]()
जानकारी के मुताबिक, बड़ा अशोक नगर निवासी सोनम साहू ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी 11 वर्षीय भांजी वंदना साहू नाम की महिला को जानती थी। इसी पहचान का फायदा उठाकर वंदना साहू ने बच्ची को डराया-धमकाया और ब्लैकमेल किया।
बच्चों को डरा-धमकाकर मंगाते थे सोना-चांदी
शिकायत के अनुसार, बच्ची ने डर के कारण घर में रखे सोने के कान के झुमके, सोने की चैन और नानी का रानीहार वंदना साहू को दे दिया था। इसके अलावा वह समय-समय पर घर से नकदी रकम भी लाकर देती थी। इस पूरे मामले में वंदना साहू का पति दीपक साहू भी शामिल था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर वंदना साहू और उसके पति दीपक साहू को पकड़ा गया। पुलिस पूछताछ में दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
सोने के जेवरात बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से उगाही किए गए सोने के कान के टॉप्स और चैन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- वंदना साहू पति दीपक साहू उम्र 26 वर्ष, निवासी प्रीतम नगर बड़ा अशोकनगर, थाना गुढ़ियारी रायपुर।
- दीपक साहू पिता रिखी राम साहू उम्र 29 वर्ष, निवासी प्रीतम नगर बड़ा अशोकनगर, थाना गुढ़ियारी रायपुर।


