Bilaspur Loot: बुर्का पहनकर घर में घुसे लड़के, जेवर और पैसों को लूटे

Bilaspur Loot: बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में पिस्टल की नोक पर लूट और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के बीच लूटे गए जेवर और पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उनकी पोल खुल गई।

Bilaspur Loot: बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में पिस्टल की नोक पर लूट और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के बीच लूटे गए जेवर और पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उनकी पोल खुल गई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल, लूटे गए सोने के जेवरात, एक कार, एक बाइक और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने रेलवे कर्मचारी से लूट और बुर्का पहनकर घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

रेलवे कर्मचारी से की थी लूट

ASP ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि 8 जुलाई को बेलगहना रेलवे स्टेशन से 7,430 रुपये का कलेक्शन लेकर जा रहे रेलवे कर्मचारी को सलका डैम मोड़ के पास धक्का देकर उसका बैग लूट लिया गया था। इसके बाद 18 जुलाई को आरोपियों ने बुर्का पहनकर राजकुमारी जायसवाल के घर में प्रवेश किया था। यहां उन्होंने परिवार के साथ मारपीट की और हथियार दिखाकर करीब 50 हजार रुपये के सोने के जेवर लूट लिए थे।

लूट के बंटवारे पर विवाद से खुली पोल

पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों की जांच के दौरान संदिग्धों पर नजर रखी जा रही थी। इसी बीच 2 सितंबर को कोटा पेट्रोल पंप के पास लूट में शामिल आरोपियों के बीच पैसों और जेवर के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया।

विवाद के दौरान मारपीट हुई, जिसके बाद एक आरोपी शिकायत लेकर थाने पहुंच गया। पुलिस ने पूछताछ की तो उसने पूरी घटना की जानकारी दे दी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मास्टरमाइंड ने बनाई थी लूट की योजना

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य आरोपी मंझगांव निवासी राकेश जायसवाल था। उसने अपने साथी दिव्यांशु जायसवाल और आदर्श तिवारी के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी।

वारदात के लिए आरोपी सनी सिंह उन्हें मध्य प्रदेश के रीवा ले गया था, जहां से उसके भाई के जरिए अवैध पिस्टल उपलब्ध कराई गई थी।

सोना सर्राफा कारोबारी को बेचा

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने लूटे गए सोने के जेवर बेचने की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्होंने हर्ष नामदेव के माध्यम से फिरंगीपारा निवासी सर्राफा कारोबारी हर्ष सोनी को जेवर बेचे थे। पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने वाले हर्ष सोनी और हथियार उपलब्ध कराने वाले सनी सिंह को भी गिरफ्तार किया है।

6 आरोपियों को भेजा गया जेल

पुलिस ने राकेश जायसवाल (35), दिव्यांशु जायसवाल (24), आदर्श तिवारी (26), हर्ष नामदेव (25), हर्ष सोनी (24) और सनी सिंह (35) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना की है और टीम को नकद इनाम देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *