CG Open Jail: छत्तीसगढ़ में ओपन जेल तैयार, सरकार ने लागू किए ये नियम

CG Open Jail: छत्तीसगढ़ सरकार ने जेलों में बढ़ती भीड़ और लंबे समय से सजा काट रहे बंदियों के पुनर्वास के लिए बड़ा कदम उठाया है। बेमेतरा जिले के पथर्रा गांव में 200 बंदियों की क्षमता वाली ओपन जेल तैयार हो गई है। राज्य सरकार ने 14 जुलाई 2026 को इसकी स्थापना की अधिसूचना जारी कर दी थी। वहीं, इसके संचालन और प्रबंधन के लिए नए नियम भी लागू कर दिए गए हैं।

नए नियम लागू

सरकार ने 13 अगस्त 2026 को छत्तीसगढ़ ओपन जेल (संचालन एवं प्रबंधन) नियम, 2026 अधिसूचित किए। इसके बाद पथर्रा स्थित ओपन जेल के संचालन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। यहां पात्र बंदियों को सामान्य जेल की तुलना में अधिक खुला, सुरक्षित और सुधारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।

आंकड़ों के अनुसार प्रदेश की जेलों की कुल क्षमता 15,485 बंदियों की है, जबकि वर्तमान में करीब 19,476 बंदी निरुद्ध हैं। यानी क्षमता से लगभग 3,991 अधिक बंदी जेलों में रह रहे हैं।

 

20 साल से ज्यादा सजा काट रहे 340 बंदी

हाई कोर्ट के समक्ष पेश आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 340 ऐसे दोषसिद्ध बंदी हैं, जो 20 वर्ष से अधिक की सजा काट रहे हैं और जिनकी अपील सुप्रीम कोर्ट तक खारिज हो चुकी है। इसके अलावा 1,843 बंदियों के पास बढ़ई, प्लंबर, पेंटर, माली और किसान जैसे विभिन्न कौशल हैं। वहीं 504 बुजुर्ग बंदी भी जेलों में हैं। ऐसे बंदियों के पुनर्वास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ओपन जेल की व्यवस्था शुरू की गई है।

महिला बंदियों के साथ रह रहे 82 बच्चे

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश की जेलों में महिला बंदियों के साथ 82 बच्चे भी रह रहे हैं। इसके अलावा जेल से फरार होने के प्रयास के कुछ मामले भी सामने आए हैं। ऐसे में सरकार का मानना है कि ओपन जेल व्यवस्था से पात्र बंदियों के सुधार, पुनर्वास और समाज की मुख्यधारा में उनकी वापसी को बढ़ावा मिलेगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *