Vice President CG Visit: भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे। अपने दौरे के दौरान वे एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन को देखते हुए राजधानी रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
उपराष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन सुबह करीब 10 बजे विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद वे सीधे एम्स रायपुर के लिए रवाना हुए और सुबह 10:45 बजे वहां पहुंचे। सुबह 11 बजे से शुरू हुए तीसरे दीक्षांत समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गई।
दोपहर में दिल्ली लौटेंगे
दीक्षांत समारोह के बाद उपराष्ट्रपति दोपहर 12:30 बजे एम्स से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर करीब 1:30 बजे विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सरोना रिंग रोड से टाटीबंध चौक तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। रिंग रोड नंबर-1 पर बैरिकेडिंग की गई है और यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।
एम्स आने वाले मरीजों के लिए व्यवस्था
एम्स रायपुर में सामान्य ओपीडी के मरीजों के लिए गेट नंबर-1 और गेट नंबर-3 से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी। ट्रॉमा और इमरजेंसी सेवाओं के लिए पहले की तरह गेट नंबर-2 का उपयोग किया जाएगा। वहीं, वीआईपी मूवमेंट के कारण गेट नंबर-4 और गेट नंबर-5 आम लोगों के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेंगे।

