CG RTE Admission: छत्तीसगढ़ में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी स्कूलों में सत्र 2027-28 के प्रवेश की प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। अभिभावक अपने बच्चों के दाखिले के लिए 1 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद दस्तावेजों की जांच और लॉटरी प्रक्रिया पूरी कर चयनित बच्चों को निजी स्कूलों में प्रवेश दिया जाएगा।
लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में सभी कलेक्टरों, संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग और जिला शिक्षा अधिकारियों को प्रवेश प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम भेज दिया है।
नवंबर से शुरू होगी तैयारी
RTE पोर्टल पर स्कूल प्रोफाइल अपडेट, नए स्कूलों का पंजीयन और हैबिटेशन मैपिंग का कार्य 2 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। वहीं, 2 से 28 नवंबर तक जिला शिक्षा अधिकारी और नोडल प्राचार्य स्कूल प्रोफाइल, सीटों की उपलब्धता और अन्य जानकारी का सत्यापन करेंगे।
आवेदन में सुधार का मिलेगा अवसर
ऑनलाइन आवेदन के साथ अभिभावकों के दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा। यदि आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि या दस्तावेजों की कमी पाई जाती है, तो उसे सुधारने का मौका मिलेगा। यह प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से 7 जनवरी 2027 तक चलेगी।
11 और 12 जनवरी को होगी लॉटरी
RTE के तहत प्रवेश के लिए 11 और 12 जनवरी 2027 को राज्य स्तर पर जिलावार लॉटरी निकाली जाएगी। लॉटरी में चयनित बच्चों का निजी स्कूलों में प्रवेश 14 जनवरी से 10 फरवरी 2027 तक पूरा कराया जाएगा।
अगले सत्र से बदलेगा शिक्षा सत्र
राज्य सरकार ने फैसला लिया है कि छत्तीसगढ़ में अब शिक्षा सत्र 1 अप्रैल से 31 मार्च तक संचालित होगा। इसी बदलाव को ध्यान में रखते हुए RTE सत्र 2027-28 की प्रवेश प्रक्रिया का नया शेड्यूल जारी किया गया है।


