Mainpat Accident: सरगुजा के मैनपाट में शनिवार शाम बाइक सहित घुनघुट्टा नदी में बहे युवक का शव रविवार सुबह SDRF की टीम ने बरामद कर लिया। युवक का शव घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर नदी किनारे मिला। हादसे में युवती की जान बच गई, जबकि युवक की डूबने से मौत हो गई। मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है।
रायपुर से घूमने आए थे युवक-युवती
मृतक की पहचान केरल निवासी यदुकृष्ण (25) के रूप में हुई है, जबकि गौरी नंदन (22) सुरक्षित है। दोनों रायपुर से मैनपाट घूमने आए थे। गौरी नंदन रायपुर के NIIT की छात्रा है। दोनों ट्रेन से अंबिकापुर पहुंचे थे और वहां से किराये की बाइक लेकर मैनपाट घूमने निकले थे। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे वे कमलेश्वरपुर से टाइगर प्वाइंट की ओर जा रहे थे।
पुल पार करते समय बाइक समेत बह गए
घुनघुट्टा नदी के पुल पर उस समय करीब ढाई फुट पानी बह रहा था। इसके बावजूद यदुकृष्ण ने बाइक से पुल पार करने की कोशिश की। तेज बहाव के कारण दोनों बाइक समेत नदी में बह गए। बहते समय दोनों ने मदद के लिए आवाज लगाई।
युवक ने बचाई युवती की जान
नदी के पास रहने वाले समशुद्दीन खान ने दोनों को बहते देखा तो वह घर से रस्सी लेकर मौके पर पहुंचे। गौरी नंदन तैरकर बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी। समशुद्दीन ने नदी के बहाव की दिशा में दौड़ते हुए कई बार रस्सी फेंकी और करीब एक किलोमीटर दूर युवती को रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि यदुकृष्ण तेज बहाव में लापता हो गया।
रविवार सुबह मिला युवक का शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने शनिवार शाम तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण युवक का पता नहीं चल सका। रविवार सुबह दोबारा शुरू किए गए अभियान के दौरान घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थानीय युवकों ने नदी किनारे शव देखा। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यदुकृष्ण भी रायपुर के एनआईआईटी में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है।
सरगुजा में उफान पर हैं नदी-नाले
शनिवार को सरगुजा जिले के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश हुई, जिससे कई नदी-नाले उफान पर आ गए। मैनपाट में कई घंटे तक हुई बारिश के कारण घुनघुट्टा नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा था। तेज बहाव के चलते युवक-युवती बाइक समेत नदी में बह गए। रविवार को भी जिले के कई इलाकों में बारिश जारी रही, जिससे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है।



