CG Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। पिछले 24 घंटों में लगभग सभी क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जबकि बलरामपुर जिले के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी।![]()
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने और दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
अगले 5 दिनों तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ी रहेंगी। इस दौरान कई स्थानों पर भारी और कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। अब तक प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य के करीब रही है और सामान्य से केवल 3 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में रघुनाथनगर और रामानुजगंज में सबसे अधिक 12-12 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। राजपुर में 10 सेंटीमीटर, कुसमी और चांदो में 9-9 सेंटीमीटर तथा जनकपुर-भरतपुर और अंबिकापुर में 7-7 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। बलरामपुर में 6 सेंटीमीटर तथा करतला, कोटाडोल, समरी, दरभा, गुंडरदेही, अर्जुन्दा, बालोद, गुरूर और धमतरी में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई। गरियाबंद, राजिम, सरागांव, कोरबा, हरदीबाजार, रतनपुर, कांकेर, मगरलोड, कुकरेल, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, पाली, सरौना और बड़े राजपुर में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।


