CG Forest Guard Recruitment: छत्तीसगढ़ वन विभाग में वनरक्षक के 1484 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज हो गई है। विभाग ने लिखित परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। परीक्षा 13 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी। शारीरिक मापदंड और शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल 16,762 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल होंगे।![]()
युवाओं का लंबा इंतजार खत्म
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे थे। विभाग ने लंबित मामलों का निराकरण करते हुए भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि भर्ती समय पर पूरी हो और योग्य युवाओं को जल्द रोजगार का अवसर मिले।
वन संरक्षण में निभाएंगे अहम भूमिका
मंत्री ने कहा कि वनरक्षक का पद केवल रोजगार नहीं, बल्कि प्रदेश के जंगलों, जैव विविधता और वन्यजीवों की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। चयनित अभ्यर्थी वन संरक्षण, वन अपराधों की रोकथाम और वन्यजीवों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएंगे।
मेरिट के आधार पर चयन
वन मंत्री ने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और मेरिट के आधार पर पूरी की जाएगी। सभी योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर मिलेगा और लिखित परीक्षा निर्धारित नियमों व सुरक्षा व्यवस्था के तहत आयोजित की जाएगी।

