CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक कई जगह हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
बिजली गिरने से 2 महिलाओं की मौत
मंगलवार को ओडिशा के सुंदरगढ़ में बिजली गिरने से जशपुर की दो महिला मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चंपा तिर्की (28) और सुशीला तिर्की (26) के रूप में हुई है। दोनों जशपुर जिले के तुमला थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं और धान की रोपाई कर रही थीं।
हादसे में 20 से ज्यादा मजदूर घायल
सुंदरगढ़ में बिजली गिरने की घटना के दौरान 20 से ज्यादा मजदूर घायल हुए हैं। सभी घायलों को सबडेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है।
बिलासपुर में हुई भारी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर जिले में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। प्रदेश में 1 जून से अब तक मानसून की बारिश सामान्य से 8 प्रतिशत कम रही है।
दुर्ग और रायपुर सबसे गर्म
पिछले 24 घंटे में रायपुर और दुर्ग में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा।![]()
रायपुर में गरज-चमक के साथ बारिश
रायपुर में 13 अगस्त को पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार शहर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।




