CG News: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में पारिवारिक और संपत्ति विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विजय लक्ष्मी तिवारी, उनके बेटे वासु तिवारी और दामाद विक्की दुबे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।![]()
संपत्ति विवाद को लेकर विवाद
शिकायतकर्ता रवि कुमार शुक्ला के अनुसार, वर्ष 2015 में उनके बड़े भाई की शादी विजय लक्ष्मी तिवारी की छोटी बेटी से हुई थी। आरोप है कि पारिवारिक विवाद के बीच घर को बड़े बेटे के नाम करने का दबाव बनाया जा रहा था। पिता के इनकार के बाद दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
बुजुर्ग दंपति से मारपीट
शिकायत के मुताबिक, 5 अगस्त को आरोपी उनके घर पहुंचे और लकवाग्रस्त पिता को घर से घसीटकर बाहर निकालकर नाली में फेंक दिया। आरोप है कि इस दौरान उनकी मां के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनका हाथ टूट गया। घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
अस्पताल में भी मारपीट का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना के बाद मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल ले जाने के दौरान भी उनके साथ मारपीट की गई। उनका कहना है कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।
मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर विजय लक्ष्मी तिवारी, वासु तिवारी और विक्की दुबे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस CCTV फुटेज, दोनों पक्षों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




