Korba Crocodile Rescue: कोरबा जिले के तरदा गांव में शनिवार सुबह खेत में एक मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। खेत में काम कर रहे किसानों ने कीचड़ में मगरमच्छ को देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।![]()
ग्रामीणों ने रस्सी और जाल से पकड़ा मगरमच्छ
ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए रस्सी और जाल की मदद से मगरमच्छ को पकड़ लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर बांधकर वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को अपने कब्जे में ले लिया।
3 से 4 फीट लंबा है मगरमच्छ
स्थानीय लोगों के अनुसार मगरमच्छ की लंबाई लगभग 3 से 4 फीट थी। ग्रामीणों का अनुमान है कि यह मगरमच्छ का बच्चा है। मगरमच्छ के सुरक्षित पकड़ लिए जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू टीम के सदस्य जितेंद्र सारथी ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया। अधिकारियों के निर्देशानुसार उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में अन्य मगरमच्छों की मौजूदगी की भी जांच की जा रही है।
हसदेव नदी से खेत तक पहुंचा मगरमच्छ
वन विभाग के अनुसार तरदा गांव हसदेव नदी के किनारे स्थित है। लगातार बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ बहकर खेत तक पहुंच गया होगा। एहतियात के तौर पर आसपास के खेतों और नदी किनारे सर्च अभियान चलाया जा रहा है।




