सड़क पर साइड न देने को लेकर महिला ई-रिक्शा चालक से मारपीट, आरोपी युवक फरार…

Korba news: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक महिला ई-रिक्शा चालक के साथ बीच सड़क पर मारपीट का मामला सामने आया है। मानिकपुर चौकी क्षेत्र में साइड न देने को लेकर हुए विवाद में स्कूटी सवार युवक ने महिला को चप्पल से बुरी तरह पीट दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में आक्रोश का माहौल है।

 

सड़क पर विवाद से शुरू हुई मारपीट

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला सोनिया ई-रिक्शा चलाकर सवारी छोड़ने के बाद अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक ने साइड देने को कहा, लेकिन किसी वजह से साइड न मिलने पर युवक गुस्से में आ गया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही गाली-गलौज और बदसलूकी में बदल गई।

 

महिला सोनिया ने बताया कि युवक ने पहले उसे अपशब्द कहे और फिर मारपीट पर उतर आया। जब महिला ने विरोध किया तो उसने अपनी चप्पल निकालकर युवक को मारने की कोशिश की। इसी बीच युवक ने महिला के हाथ से चप्पल छीन ली और उसी चप्पल से उसे एक के बाद एक सात बार मारा।

 

मदद के लिए चिल्लाती रही महिला, किसी ने नहीं की मदद

इस घटना के दौरान महिला मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन सड़क पर मौजूद किसी भी व्यक्ति ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की। मारपीट के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।

 

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित महिला ने मानिकपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई। चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

 

आरोपी की पहचान और तलाश जारी

बताया जा रहा है कि आरोपी युवक मानिकपुर क्षेत्र का रहने वाला है और अपने पिता के साथ आटा चक्की में काम करता है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है।

 

इलाके में आक्रोश का माहौल

इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है। लोग महिला चालक के समर्थन में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच होगी और दोषी को सजा दी जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *