CG Vyapam: छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को भर्ती परीक्षाओं की तारीखों में टकराव का सामना करना पड़ रहा है। राज्य में दो बड़ी भर्ती परीक्षाएं एक ही दिन होने से हजारों अभ्यर्थियों के सामने किसी एक परीक्षा को छोड़ने की मजबूरी खड़ी हो गई है।![]()
शिक्षक और पुलिस भर्ती परीक्षा एक ही दिन
छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन बोर्ड ने 1654 शिक्षक पदों के लिए 25 अक्टूबर को परीक्षा निर्धारित की है। वहीं छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर भर्ती की मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर को आयोजित करने का फैसला लिया है।
दोनों परीक्षाओं की तारीख में टकराव के कारण पुलिस भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए 7301 अभ्यर्थियों के सामने 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने का संकट खड़ा हो गया है। हजारों अभ्यर्थी अब इस असमंजस में हैं कि वे किस परीक्षा में शामिल हों और किसे छोड़ें।
CG SET और IBPS परीक्षा भी एक ही दिन
छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित होने वाली छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा और बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान की आईबीपीएस पीओ मुख्य परीक्षा की तारीख भी एक ही निर्धारित की गई है। दोनों परीक्षाएं 4 अक्टूबर को प्रस्तावित हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए महत्वपूर्ण है, जबकि आईबीपीएस पीओ सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में अधिकारी बनने का प्रमुख माध्यम है। दोनों परीक्षाओं की तारीख एक होने से बैंकिंग और शैक्षणिक क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी प्रभावित हो रहे हैं।
अभ्यर्थियों ने की तारीख बदलने की मांग
अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती एजेंसियों को परीक्षा कार्यक्रम तैयार करने से पहले आपस में समन्वय करना चाहिए। छात्रों ने मांग की है कि टकराव वाली परीक्षाओं की तारीखों में बदलाव किया जाए, ताकि किसी भी पात्र अभ्यर्थी को महत्वपूर्ण परीक्षा से वंचित न होना पड़े।



