Raipur News: रायपुर रेलवे स्टेशन पर 500 kg संदिग्ध पनीर जब्त, जांच के लिए भेजे गए सैंपल

Raipur News: राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन स्थित पार्सल परिसर में बुधवार को करीब 500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया गया। पनीर की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर संदेह होने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, संदिग्ध पनीर रेलवे पार्सल परिसर में रखा गया था। अधिकारियों ने पनीर के सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पनीर असली है या नकली और मानव उपभोग के लिए सुरक्षित है या नहीं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह पनीर अमरकंटक एक्सप्रेस से रायपुर पहुंचा था। फिलहाल पनीर के मालिक की पहचान नहीं हो सकी है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। यदि जांच में पनीर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एनालॉग पनीर बैन

छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में एनालॉग पनीर के कारोबार पर प्रतिबंध लगा रखा है। पिछले एक वर्ष के दौरान रायपुर में मिलावटी और संदिग्ध पनीर के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई की गई है। जुलाई 2025 में बिरगांव स्थित एक फैक्ट्री से करीब 2,500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त कर फैक्ट्री सील की गई थी। इसके अलावा हाल ही में एक अन्य फैक्ट्री से करीब 1,700 किलो पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। लगातार कार्रवाई के बाद राज्य सरकार ने प्रदेश में एनालॉग पनीर की बिक्री पर रोक लगाने का फैसला किया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *