CG Patwari Strike: छत्तीसगढ़ में दो सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को प्रदेशभर के पटवारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पटवारियों ने भी जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में प्रदर्शन कर शासन से पदोन्नति और वेतन विसंगति दूर करने की मांग उठाई।![]()
पटवारी संघ के अनुसार, उनकी प्रमुख मांग राजस्व निरीक्षक और नायब तहसीलदार के पदों पर पदोन्नति में वरिष्ठता और विभागीय परीक्षा के आधार पर 50-50 प्रतिशत अवसर देने की है। इसके साथ ही लंबे समय से चली आ रही वेतन विसंगति को भी समाप्त करने की मांग की गई है।
2013 के बाद नहीं हुआ प्रमोशन
पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में राजस्व निरीक्षकों के कई पद खाली हैं, लेकिन वर्ष 2013 के बाद से पटवारियों का पदोन्नति नहीं हुई है। उनका कहना है कि वरिष्ठता और विभागीय परीक्षा के आधार पर पदोन्नति देकर रिक्त पदों को भरा जाना चाहिए।
आंदोलन की चेतावनी
पटवारी संघ ने कहा कि एक दिवसीय प्रदर्शन के माध्यम से शासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया गया है। यदि जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रांत स्तर पर बैठक कर आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी।

