Railway Jobs: नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे ने अप्रेंटिस के 6777 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। रेलवे के विभिन्न विभागों में प्रशिक्षण प्राप्त कर अनुभव हासिल करने के इच्छुक युवाओं के लिए यह अच्छा अवसर है। चयनित अभ्यर्थियों को एक वर्ष का अप्रेंटिस प्रशिक्षण दिया जाएगा।![]()
आवेदन शुरू
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 19 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। भर्ती के माध्यम से मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इंजीनियरिंग, पर्सनल, अकाउंट्स, मेडिकल सहित विभिन्न विभागों में अप्रेंटिस की नियुक्ति की जाएगी।
ये होगी योग्यता
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं या समकक्ष परीक्षा कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम अंकों की अनिवार्यता नहीं होगी।
मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नीशियन (पैथोलॉजी) और मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नीशियन (रेडियोलॉजी) पदों के लिए अभ्यर्थी का भौतिकी, रसायन और जीवविज्ञान विषयों के साथ 12वीं उत्तीर्ण होना जरूरी है। इसके अलावा संबंधित ट्रेड में राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रमाणपत्र या आईटीआई प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है।
आयु सीमा और शुल्क
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 15 वर्ष से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग को 5 वर्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग को 3 वर्ष तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों को 10 वर्ष की अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
ऑनलाइन आवेदन के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और महिला अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
ऐसे होगा चयन
अभ्यर्थियों का चयन 10वीं और आईटीआई में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची से किया जाएगा। मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नीशियन पदों के लिए 10वीं और 12वीं विज्ञान वर्ग के अंकों के आधार पर मेरिट तैयार होगी।
फाइनल मेरिट सूची यूनिट, ट्रेड और वर्गवार जारी की जाएगी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा। सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम चयन किया जाएगा।

