Raipur News: रायपुर में एक रैपिडो बाइक राइडर महिला का हैंडबैग लेकर फरार हो गया। बैग में 56 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और कई जरूरी दस्तावेज रखे थे। घटना गंज थाना क्षेत्र के फाफाडीह स्थित एयू बैंक के सामने की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।![]()
पहले से थी राइडर से पहचान
पुलिस के अनुसार टिकरापारा थाना क्षेत्र के बोरियाखुर्द निवासी महिला निजी काम के लिए अक्सर रैपिडो बाइक सेवा का उपयोग करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान रैपिडो राइडर भीमगज उर्फ विक्की से हुई थी। 22 जुलाई को महिला ने उसे फोन कर बोरियाखुर्द से फाफाडीह स्थित एयू बैंक जाने के लिए बुलाया।
रैपिडो राइडर बैग लेकर फरार
बारिश होने के कारण महिला ने अपना हैंडबैग सुरक्षित रखने के लिए राइडर के पिट्ठू बैग में रख दिया। दोपहर करीब 1:30 बजे राइडर ने महिला को एयू बैंक के सामने उतारा, लेकिन हैंडबैग वापस करने के बजाय बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।
बैग में नकद, मोबाइल और दस्तावेज थे
महिला ने आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह फरार हो गया। बैग में मोटरोला मोटो G45 5G मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बैंक पासबुक और 56 हजार रुपये नकद रखे थे। बैग में मौजूद सामान की कुल कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद महिला ने अपने परिजनों को सूचना दी और थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


