CG Fake Currency: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नकली नोट से शराब खरीदने की कोशिश करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी देशी शराब दुकान में 500 रुपये का नकली नोट देकर शराब खरीदने पहुंचा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की।![]()
नकली नोट से शराब खरीद रहा था युवक
यह मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है। 20 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक देशी मदिरा दुकान अकलतरा में 500 रुपये का नकली नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया।
500 रुपये के 4 नकली नोट
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे बताया। वह सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दोमुहानी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 500 रुपये के चार नोट बरामद किए।
एक ही सीरियल नंबर वाला 4 नोट
बरामद नोटों की जांच तत्काल भारतीय स्टेट बैंक, अकलतरा में कराई गई। जांच में चारों नोट नकली पाए गए। साथ ही सभी नोटों का सीरियल नंबर भी एक ही मिला। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ये नकली नोट रायपुर से लेकर आया था।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 180 BNS के तहत अपराध क्रमांक 423/2026 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


