Amit Baghel Released: छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के अध्यक्ष एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के सुप्रीमो अमित बघेल बुधवार देर शाम रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा हो गए। उनकी रिहाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता जेल के बाहर पहुंच गए। रिहाई के बाद समर्थकों ने उनका स्वागत किया और उत्साह का माहौल देखने को मिला।![]()
समर्थकों ने निकाली रैली
जेल से बाहर आने के बाद समर्थकों ने रायपुर सेंट्रल जेल से घड़ी चौक तक रैली निकाली। इस दौरान बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समर्थकों ने स्वागत के साथ आतिशबाजी भी की।
सुप्रीम कोर्ट से मिली थी जमानत
अमित बघेल बलौदाबाजार हिंसा मामले में कई महीनों से जेल में बंद थे। उन्हें 17 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली थी। अदालत की शर्तों के अनुसार उन्हें करीब तीन महीने तक रायपुर जिले से बाहर रहना होगा।
क्या है मामला
10 जून 2024 को बलौदाबाजार के दशहरा मैदान में जैतखाम में तोड़फोड़ की घटना के विरोध में प्रदर्शन आयोजित किया गया था। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान मंच से दिए गए भड़काऊ भाषणों के बाद भीड़ उग्र हो गई।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़कर कलेक्टोरेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में प्रवेश किया। आरोप है कि इस दौरान तोड़फोड़, आगजनी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। कई वाहनों में आग लगा दी गई और कलेक्टोरेट भवन को भी नुकसान पहुंचा। घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला होने से कई जवान घायल हुए थे।



