Raipur News: रायपुर में बुधवार को भाजपा और कांग्रेस के कार्यक्रमों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज रहेंगी। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने शंकर नगर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन के घेराव का ऐलान किया है। वहीं कांग्रेस ने भी अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को तत्काल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए हैं।![]()
भाजपा का प्रदर्शन
भाजपा की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि राहुल गांधी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया था। इसके विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव करेगा। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
कांग्रेस ने भी कार्यकर्ताओं को किया अलर्ट
भाजपा के घेराव कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस ने भी अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को शंकर नगर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने का निर्देश दिया है। पार्टी ने अंबेडकर चौक पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल कार्यकर्ताओं से सीधे राजीव भवन पहुंचने को कहा है।
इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रभावित
रायपुर ट्रैफिक पुलिस के अनुसार BTI मैदान से राजीव भवन तक प्रस्तावित घेराव के चलते बीटीआई मैदान, अनुपम नगर चौक और दूरदर्शन कार्यालय मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान इन मार्गों पर आंशिक रूप से आवाजाही बाधित हो सकती है।
ये है वैकल्पिक मार्ग
खम्हारडीह और कचना की ओर जाने वाले वाहन शंकर नगर एक्सप्रेस-वे या बॉटल हाउस गली मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। वहीं एसआरपी चौक की ओर आने-जाने वाले वाहन अवंति विहार, बॉटल हाउस और शंकर नगर अंडरब्रिज मार्ग से आवागमन कर सकते हैं। अशोका रतन मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों के लिए लोधीपारा चौक मार्ग और दूरदर्शन कार्यालय से पहले डॉ. पहलाजानी गली मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।


