CG Train Cancelled: सावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं ने ट्रेनों के रद्द और शॉर्ट टर्मिनेट किए जाने के विरोध में बिलासपुर में रेलवे प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। बारिश के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु GM और DRM कार्यालय पहुंचे और रेलवे से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की।![]()
श्रद्धालुओं का कहना है कि हर साल सावन और अन्य धार्मिक अवसरों पर रेलवे किसी न किसी कारण से ट्रेनों को रद्द कर देता है, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि इस बार भी यात्रा की पूरी तैयारी और आरक्षण होने के बावजूद ट्रेनें रद्द होने से उनकी यात्रा प्रभावित हो गई है।
श्रद्धालुओं की मांग
पूर्व जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि सावन करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का पर्व है। ऐसे समय में रेलवे को यात्रियों की सुविधा बढ़ानी चाहिए, लेकिन हर वर्ष त्योहारों के दौरान ट्रेनें रद्द कर दी जाती हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे को वैकल्पिक व्यवस्था कर श्रद्धालुओं को बाबा धाम पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि कई श्रद्धालु पिछले 10 से 20 वर्षों से लगातार बाबा धाम की यात्रा कर रहे हैं। लोगों ने घंटों लाइन में लगकर आरक्षण कराया, लेकिन अब ट्रेनें रद्द होने से सभी परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि यदि निर्धारित ट्रेन नहीं चल सकती तो उसी टिकट पर दूसरी ट्रेन में यात्रा की व्यवस्था की जाए।
रेलवे को 7 दिन का अल्टीमेटम
प्रदर्शन के दौरान श्रद्धालुओं ने रेलवे प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम दिया। उनका कहना है कि यदि निर्धारित समय में समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
डीआरएम ने बताया कि चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक से जुड़े कार्यों के कारण कुछ ट्रेनों को रद्द और कुछ को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की मांग रेलवे बोर्ड तक भेजी जाएगी और यदि संभव हुआ तो वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेनों का संचालन यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जाता है और किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का उद्देश्य नहीं है।


