Bilaspur Murder: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक किन्नर की हत्या का मामला सामने आया है। सकरी थाना क्षेत्र में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद एक किन्नर की कथित रूप से पिटाई की गई और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद शव को धान के खेत में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले में तीन किन्नरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।![]()
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, मोपका के चिल्हाटी निवासी तनु खान सोमवार रात घर से बाहर निकली थी। इस दौरान उसकी मुलाकात रिया खान, मीरा, मुंडो और कुछ अन्य लोगों से हुई। सभी पार्टी करने के लिए सकरी क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे के पास पहुंचे, जहां देर रात शराब पार्टी चल रही थी।
बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि तनु खान के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
खेत में मिला शव
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को जोंकी गांव के पास धान के खेत में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान तनु खान के रूप में की।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामले में रिया, मीरा और मुंडो को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर की जाएगी।
बताया जा रहा है कि बिलासपुर में किन्नरों के विभिन्न गुटों के बीच क्षेत्र और वसूली को लेकर पहले भी विवाद हो चुके हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।



